Monday, August 19, 2024
HomePradeshUttar Pradeshमुख्यमंत्री ने ‘मिशन रोजगार’ के 233 पुलिस आरक्षियों को नियुक्ति पत्र प्रदान...

मुख्यमंत्री ने ‘मिशन रोजगार’ के 233 पुलिस आरक्षियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किये

 
राष्ट्रीय एवं अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त करने वाले उ0प्र0
के कुशल खिलाड़ियों के साथ ही, देश के अलग-अलग भागों से भी
कुशल खिलाड़ियों को उ0प्र0 पुलिस बल का अंग बनाया जा रहा, यह
प्रधानमंत्री जी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के विजन का हिस्सा: मुख्यमंत्री
 
प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन और प्रेरणा से
निरन्तर खेल और खिलाड़ियों के हितों के लिए कार्य कर रही, देश व
प्रदेश में खेलों के विकास के लिए अनेक प्रकार के कार्यक्रम प्रारम्भ किए गए
 
खिलाड़ी देश के लिए खेलता है, उसकी मेहनत का परिणाम वैश्विक मंच पर
देश की शक्ति और सामथ्र्य के रूप में हम सभी को देखने को मिलता
 
उ0प्र0 पुलिस में भर्ती हुए युवा खिलाड़ी जब विभिन्न
खेल प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त करेंगे, तो पुलिस की छवि में और
अधिक निखार आएगा, इसके लिए निरन्तर प्रयास की आवश्यकता
 
विगत 06 वर्षाें में प्रदेश में 01 लाख 54 हजार से अधिक
पुलिस कार्मिकों की भर्ती प्रक्रिया सकुशल सम्पन्न हुई, वर्तमान में
उ0प्र0 पुलिस बल में 62,400 से अधिक भर्ती की प्रक्रिया प्रचलित
 
उ0प्र0 पुलिस बल ने अपने कार्यों के माध्यम से राज्य के सम्पूर्ण परसेप्शन को
बदलने का कार्य किया, देश में कहीं भी कोई घटना घटती है, तो लोग अपराध
पर नियंत्रण लगाने के लिए उ0प्र0 पुलिस बल की कार्यशैली का उदाहरण देते
 
प्रत्येक ग्राम पंचायत में युवक और महिला मंगल दल का गठन कर स्पोट्र्स किट
उपलब्ध कराई जा रही, अब तक 65 हजार स्पोट्र्स किट उपलब्ध कराई जा चुकी
 
प्रदेश में दो अन्तरराष्ट्रीय स्टेडियम, इनकी संख्या में वृद्धि के प्रयास किए जा रहे
 
प्रदेश सरकार ने अन्तरराष्ट्रीय स्तर के पूर्व खिलाड़ियों को
कोच के रूप में रखने व राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को विकासखण्ड और
जनपद स्तर पर कोच के रूप में रखने के लिए एक बड़ी कार्रवाई को आगे बढ़ाया
 
जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में शोध की आवश्यकता होती, खेल के
क्षेत्र में भी नवाचार व शोध के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए
 
युवा शक्ति रचनात्मक तो राष्ट्र का भविष्य उज्ज्वल, खिलाड़ी रचनात्मकता का प्रतीक
 

लखनऊ:  

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने लोक भवन में ‘मिशन रोजगार’ के तहत उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के माध्यम से कुशल खिलाड़ी कोटे में चयनित 233 आरक्षियों को नियुक्ति पत्र वितरित किये। इस अवसर पर उन्होंने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस बल में 500 से अधिक कुशल खिलाड़ियों की भर्ती प्रक्रिया के क्रम में आज 233 खिलाड़ियों को पुलिस बल का हिस्सा बनाया जा रहा है। जिन चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया जा रहा है। इनमें 154 पुरुष तथा 79 महिलाएं खिलाड़ी सम्मिलित हैं। विगत 08 जुलाई को भी प्रदेश सरकार ने 227 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किये थे, जिसमें राष्ट्रीय और अन्तरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल थे।
मुख्यमंत्री   ने कहा कि आज का अवसर अत्यन्त महत्वपूर्ण है। आज राष्ट्रीय एवं अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त करने वाले उत्तर प्रदेश के कुशल खिलाड़ियों के साथ ही, देश के अलग-अलग भागों से भी कुशल खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बनाया जा रहा है। यह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के विजन का हिस्सा है। इसके अन्तर्गत एक खिलाड़ी की उन भावनाओं को सम्मान देना है, जिस भावना से खिलाड़ी अपने लिए नहीं बल्कि, अपने देश के लिए खेलता है। यह देश का भी दायित्व है कि अपने खिलाड़ियों के बारे में सोचे।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि एक खिलाड़ी देश के लिए खेलता है। उसकी मेहनत और परिश्रम का परिणाम वैश्विक मंच पर देश की शक्ति और सामथ्र्य के रूप में हम सभी को देखने को मिलता है। जब एक खिलाड़ी देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ करने का प्रयास करता है, तो यह समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी बनती है कि किसी भी  खिलाड़ी को संकीर्ण दायरे में न बांधे। प्रदेश में टोक्यो ओलम्पिक तथा पैरालम्पिक में जिन खिलाड़ियों ने देश के लिए मेडल जीते थे, वह चाहे किसी भी राज्य के थे, प्रदेश सरकार ने उन्हें सम्मानित किया। टोक्यो ओलम्पिक के इन खिलाड़ियों को प्रदेश सरकार ने लखनऊ में सम्मानित किया और प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई। टोक्यो पैरालंपिक में जिन खिलाड़ियों ने देश के लिए मेडल जीते थे, उन्हें भी मेरठ में सम्मानित करते हुए राज्य सरकार की ओर से प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई गई थी।
मुख्यमंत्री   ने कहा कि विगत 06 वर्षों में उत्तर प्रदेश पुलिस बल में भर्ती की प्रक्रिया को बहुत पारदर्शी तरीके के साथ आगे बढ़ाने का कार्य हुआ है। यह कार्य वर्षों से लम्बित पड़े हुए थे। पहले प्रत्येक भर्ती पर प्रश्न उठते थे। चयन की प्रक्रिया पर भी प्रश्न खड़े होते थे। विगत 06 वर्ष के अन्दर प्रदेश में 01 लाख 54 हजार से अधिक पुलिस कार्मिकों की भर्ती प्रक्रिया सकुशल सम्पन्न हुई है। इसके अलावा 2,492 मृतक आश्रितों की भर्ती की प्रक्रिया को भी सम्पन्न करके उनका समायोजन किया गया है। प्रदेश में 01 लाख 29 हजार से अधिक पुलिस कार्मिकों को समयबद्ध प्रोन्नति दी गई है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश पुलिस बल में 62,400 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया प्रचलित है।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि आज जिन खिलाड़ियों को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से नियुक्ति पत्र वितरित किया जा रहा है, वे ईमानदारीपूर्वक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। साथ ही, खेल की अपनी प्रैक्टिस को निरन्तर बनाए रखते हुए जब तक सामथ्र्य है, तब तक उत्तर प्रदेश पुलिस और राज्य के लिए खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करें। तत्पश्चात पुलिस बल में सम्बन्धित खेल के कोच के रूप में नवोदित खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सदैव तत्पर रहें। जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में शोध की आवश्यकता होती है। खेल के क्षेत्र में भी नवाचार व शोध के लिए निरन्तर प्रयासरत रहना चाहिए। दुनिया के साथ कदम-ताल मिलाने के लिए खिलाड़ियों को सदैव अपडेट रहना होगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन और प्रेरणा से निरन्तर खेल और खिलाड़ियों के हितों के लिए कार्य कर रही है। देश व प्रदेश में खेलों के विकास के लिए अनेक प्रकार के कार्यक्रम प्रारम्भ किए गए हैं। इनमें खेलो इण्डिया, फिट इण्डिया मूवमेण्ट तथा सांसद खेलकूद प्रतियोगिताओं के कार्यक्रम शामिल हैं। गांव से लेकर शहर तक तथा जनपदस्तरीय प्रतियोगिताओं से लेकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है। हर जगह इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियां हो रही हैं।
मुख्यमंत्री   ने कहा कि अगर युवा शक्ति रचनात्मक है, तो राष्ट्र का भविष्य उज्ज्वल है। एक खिलाड़ी रचनात्मकता का प्रतीक होता है, जो अपने परिश्रम, पुरुषार्थ, मेहनत और अपनी सकारात्मक ऊर्जा से आत्मनिर्भरता का प्रतीक बनता है। समाज के लिए कुछ कर गुजरने की तमन्ना उसके मन में होती है। मुख्यमंत्री जी ने ऐसे खिलाड़ियों से अपील की कि वे उत्तर प्रदेश पुलिस बल की टीम का हिस्सा बनकर अन्य युवाओं को बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए तैयार करें।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस बल ने अपने कार्यों के माध्यम से राज्य के सम्पूर्ण परसेप्शन को बदलने का कार्य किया है। देश में कहीं भी कोई घटना घटती है, तो लोग अपराध पर नियंत्रण लगाने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस बल की कार्यशैली का उदाहरण देते हैं। इसके पीछे विगत 06 वर्षों में उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में किए गए सुधार हैं। देश-प्रदेश के आमजन में उत्तर प्रदेश पुलिस के प्रति अटूट विश्वास है। प्रदेश में पर्व और त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित हो रहे हैं। बड़े से बड़े कार्यक्रम सकुशल सम्पन्न हो रहे हैं। पूर्व में प्रदेश में निवेश एक सपना था, रिजर्व बैंक और नीति आयोग की रिपोर्ट के अनुसार वर्तमान में प्रदेश निवेश आकर्षित और प्राप्त करने वाला नम्बर एक राज्य है। लोगों के मन में प्रदेश का पर्सेप्शन बदला है। 01 वर्ष में 31 करोड़ पर्यटक उत्तर प्रदेश आते हैं। यह चीजें दिखाती हैं कि प्रदेश में बदलाव आया है।
मुख्यमंत्री   ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती हुए युवा खिलाड़ी जब विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त करेंगे, तो पुलिस की छवि में और अधिक निखार आएगा। इसके लिए निरन्तर प्रयास की आवश्यकता है। प्रदेश का खेल विभाग और पुलिस विभाग इस दिशा में निरन्तर कार्य कर रहे हैं। खेल विभाग और युवा कल्याण विभाग द्वारा अनेक कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। गांव में ओपन जिम का निर्माण ग्राम प्रधान निधि के खर्च की पहली प्राथमिकता है। इससे गांव के बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार के साथ-साथ खेल भावना में अभिवृद्धि होगी। गांव के युवा खेल के मैदान में खो-खो, कबड्डी जैसी विभिन्न खेलकूद गतिविधियों से जुड़ सकते हैं।
मुख्यमंत्री   ने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में युवक और महिला मंगल दल का गठन कर स्पोट्र्स किट उपलब्ध कराई जा रही है। अब तक 65 हजार स्पोट्र्स किट उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। अगले एक-दो वर्षों में प्रत्येक युवक और महिला मंगल दल को स्पोट्र्स किट उपलब्ध कराकर प्रत्येक ग्राम पंचायत को खेल-कूद गतिविधियों का केन्द्र बनाया जाएगा। खेल-कूद प्रतियोगिताओं को आगे बढ़ाने के लिए विकासखण्ड स्तर पर मिनी स्टेडियम तथा जनपद स्तर पर स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश में दो अन्तरराष्ट्रीय स्टेडियम हैं। इनकी संख्या में वृद्धि के प्रयास किए जा रहे हैं। जनपद वाराणसी में कार्य प्रारम्भ हो चुका है। केन्द्र सरकार और बी0सी0सी0आई0 के स्तर पर स्टेडियम निर्माण की कार्रवाई प्रारम्भ हो चुकी है। प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को विभिन्न विभागों में राजपत्रित अधिकारी से लेकर अन्य विभिन्न पदों पर नियुक्ति का कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री   ने कहा कि राष्ट्रीय-अन्तरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में देश के लिए मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रदेश सरकार द्वारा पुरस्कार राशि उपलब्ध कराई जाती है। ओलम्पिक एकल स्पर्धा में स्वर्ण पदक पर 06 करोड़ रुपये, रजत पदक पर 04 करोड़ रुपये, कांस्य पदक पर 02 करोड़ रुपये तथा टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक पर 03 करोड़ रुपये, रजत पदक पर 02 करोड़ रुपये, कांस्य पदक पर 01 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि राज्य सरकार अपने स्तर पर प्रदान करती है। एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक पर 03 करोड़ रुपये, रजत पदक पर डेढ़ करोड़ रुपये, कांस्य पदक पर 75 लाख रुपये की पुरस्कार राशि उपलब्ध कराई जाती है। कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक पर डेढ़ करोड़ रुपये, रजत पदक 75 लाख रुपये, कांस्य पदक पर 50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाती है। विश्व कप से जुड़ी किसी भी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक पर डेढ़ करोड़ रुपये, रजत पदक पर 75 लाख रुपये, कांस्य पदक पर 50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदेश सरकार द्वारा प्रदान की जाती है। ओलम्पिक गेम्स में  प्रतिभाग करने वाले प्रदेश के खिलाड़ी को प्रदेश सरकार द्वारा 10-10 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि व कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियाई गेम्स में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ी को 05-05 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री   ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अन्तरराष्ट्रीय स्तर के पूर्व खिलाड़ियों को कोच के रूप में रखने व राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को विकासखण्ड और जनपद स्तर पर कोच के रूप में रखने के लिए एक बड़ी कार्रवाई को आगे बढ़ाया है। प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने व सुविधाएं बढ़ाने के लिए प्रत्येक स्तर पर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने अपने कार्यों के माध्यम से प्रदेश का पर्सेप्शन व लोगों की सोच बदली है। इस बदले हुए माहौल में प्रत्येक व्यक्ति की नजर प्रदेश की ओर है। प्रत्येक क्षेत्र में उत्तर प्रदेश नया कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। प्रतिभाशाली युवा अब खेल के क्षेत्र में भी अपना कैरियर बना रहे हैं। खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश में अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। प्रदेश में खेल लिए बजट 410 करोड़ रुपये से बढ़ाकर इस वर्ष 957 करोड़ रुपये किया गया। यह खेलों के प्रति प्रदेश सरकार की रुचि को प्रदर्शित करता है।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश प्रत्येक क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री जी की प्रेरणा से प्रदेश के कुशल खिलाड़ियों के लिए 07 जनवरी, 2022 के शासनादेश के माध्यम से समूह ‘ग’ के पदों पर दो प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई है। इस क्रम में पुलिस विभाग ने 534 कुशल खिलाड़ियों की भर्ती की प्रक्रिया प्रारम्भ की। शासनादेश में कार्यरत खिलाड़ियों के आउट ऑफ टर्न प्रमोशन की भी व्यवस्था की गई है।
इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री दुर्गा शंकर मिश्र, पुलिस महानिदेशक श्री विजय कुमार, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना श्री संजय प्रसाद, सचिव खेल एवं युवा कल्याण श्री सुहास एल0वाई0, स्पेशल डी0जी0 लाॅ एण्ड आॅर्डर श्री प्रशान्त कुमार, अध्यक्ष उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की श्रीमती रेणुका मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments