Home Pradesh Uttar Pradesh विकसित भारत संकल्प यात्रा

विकसित भारत संकल्प यात्रा

0
विकसित भारत संकल्प यात्रा
प्रधानमंत्री ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ कार्यक्रम में
वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लाभार्थियों के साथ संवाद किया
प्रधानमंत्री ने देश भर में प्रधानमंत्री महिला किसान ड्रोन
केन्द्र खोलने तथा जन औषधि केन्द्रों की संख्या 10 हजार
से 25 हजार तक बढ़ाने की परियोजना का शुभारम्भ किया
विकसित भारत सबका साथ लेकर सबके सपनों को साकार
करने का संकल्प ,विकसित भारत संकल्प यात्रा, उन लोगों तक सरकार
की योजनाएं और सुविधाएं लेकर जा रही, जो अब तक इनसे छूटे हुए हैं: प्रधानमंत्री
विकसित भारत का संकल्प 04 अमृत स्तंभों पर टिका, यह अमृत स्तंभ है, नारी शक्ति,
 युवा शक्ति, किसान तथा गरीब, इनका उत्थान ही भारत को विकसित बनाएगा
देश के किसानों को बहुत कम कीमत में ड्रोन जैसी आधुनिक टेक्नॉलॉजी मिल पाएगी,
इससे उनके स्वास्थ्य को भी लाभ होगा, समय, दवा और खाद की भी बचत होगी
80 करोड़ से ज्यादा देशवासियों को अब 05 साल तक मुफ्त राशन मिलता रहेगा
मुख्यमंत्री ने ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के लखनऊ
आगमन पर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया
विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, प्रतीकात्मक
कार्ड तथा आवास की प्रतीकात्मक चाभी प्रदान की
विकसित भारत हम सभी के जीवन का संकल्प बने, इस उद्देश्य से
प्रधानमंत्री जी ने विगत साढ़े नौ वर्षोें में देश में विभिन्न विकासपरक
एवं लोक कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कराया: मुख्यमंत्री
आगामी 25 वर्षों में भारत को एक विकसित देश के रूप में स्थापित
करने की संकल्पना में हम सभी का योगदान होना चाहिए
विगत साढे़ नौ वर्षाें में देश में 12 करोड़ एवं प्रदेश में 03 करोड़ परिवारों को शौचालय, देश में 04 करोड़ एवं प्रदेश में 55 लाख परिवारों को आवास तथा देश में 50 करोड़ व प्रदेश में लगभग 10 करोड़ लोगों को आयुष्मान कार्ड की सुविधा मिली
ग्रामीण क्षेत्र में जहां पर लोग रह रहें हैं, वहीं पर उनके बने मकान का
मालिकाना हक मिल जाए, इस कार्यक्रम को आगे बढ़ाया जा रहा, प्रदेश में
आगामी दिसम्बर माह तक सवा करोड़ लोगों को इसका लाभ प्रदान किया जाएगा
प्रधानमंत्री जी ने पंचप्रण की बात की इसमें भारत को
वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर व विकसित राष्ट्र बनाने के सपने
को साकार करने की दृष्टि से एक संकल्प होना चाहिए
प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप विकसित भारत संकल्प
यात्रा को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे
लखनऊ: 
प्रधानमंत्री   नरेन्द्र मोदी जी ने कहा कि  विकसित भारत संकल्प यात्रा के 15 दिन पूरे हो रहे हैं। आज हजारों लोग एक-एक करके इस यात्रा के साथ जुड़ रहे हैं। कार्यक्रम में लोगों का जुड़ना, अपने-आप में विकास के प्रति लोगों का विश्वास है। विकास का महात्म्य क्या है, यह आज देश का गांव-गांव का व्यक्ति समझने लगा है। विकसित भारत सबका साथ लेकर सबके सपनों को साकार करने का संकल्प है। विकसित भारत संकल्प यात्रा, उन लोगों तक सरकार की योजनाएं और सुविधाएं लेकर जा रही है, जो अब तक इनसे छूटे हुए हैं।
प्रधानमंत्री   आज पूरे देश मंे आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ कार्यक्रम में वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। उन्होंने ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के लाभार्थियों के साथ वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के लखनऊ आगमन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
प्रधानमंत्री जी ने महिलाओं के नेतृत्व में विकास को गति देने के लिए देश भर में प्रधानमंत्री महिला किसान ड्रोन केन्द्र खोलने तथा प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के अन्तर्गत देश भर में जन औषधि केन्द्रों की संख्या 10 हजार से 25 हजार तक बढ़ाने की परियोजना का शुभारम्भ किया। उन्होंने एम्स देवघर, झारखण्ड परिसर में 10 हजारवें जन औषधि केन्द्र का वर्चुअली लोकार्पण किया। इस अवसर पर ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के सम्बन्ध में लघु फिल्म प्रदर्शित की गयी।
प्रधानमंत्री   ने कहा कि देशवासी ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ को एक जनांदोलन का रूप देकर इस अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं। भारत अब रुकने और थकने वाला नहीं है। 140 करोड़ देशवासियों ने विकसित भारत बनाना ठान लिया है। आजादी के अनेक दशकों बाद तक, देश की बहुत बड़ी आबादी, मूल सुविधाओं से वंचित रही। निराशा की इस स्थिति को हमारी सरकार ने बदला है। आज देश में जनता को ईश्वर का रूप मानने वाली सरकार है। हम सत्ता भाव से नहीं, सेवा भावना से काम करने वाले हैं। सरकार नागरिकों की जरूरतों की पहचान कर उन्हें उसका हक दे, यही स्वाभाविक एवं सच्चा सामाजिक न्याय है।
प्रधानमंत्री   ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प 04 अमृत स्तंभों पर टिका है। ये अमृत स्तंभ है,  हमारी नारी शक्ति, युवा शक्ति, किसान तथा गरीब। इनका उत्थान ही भारत को विकसित बनाएगा। जब ये सशक्त होंगे, तो पूरा देश सशक्त होगा। विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान दो बड़े कार्यक्रम देश ने किए हैं। एक कार्य नारीशक्ति और टेक्नॉलॉजी से खेती-किसानी को आधुनिक बनाना, वैज्ञानिक बनाना, उसे सशक्त करने का काम है, दूसरा गरीब, निम्न मध्यम वर्ग, मध्यम वर्ग या उच्च वर्ग सहित देश के सभी नागरिकों को सस्ती से सस्ती दवाएं मिलें, उसेे बीमारी में जिंदगी गुजारनी न पड़े। यह बहुत बड़ा सेवा का काम है।
प्रधानमंत्री   ने कहा कि लाल किले से देश की ग्रामीण बहनों को ड्रोन दीदी बनाने की घोषणा की थी। इतने कम समय में हजारों बहनों ने ड्रोन चलाना सीख लिया। इन्होंने खेती में इसका उपयोग करना, दवाइयां छिड़कना, फर्टिलाइजर छिड़कना, सीख लिया। आने वाले समय में 15 हजार स्वयं सहायता समूहों को नमो ड्रोन दीदी कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा। इससे बहनों-बेटियों को कमाई का अतिरिक्त साधन मिलेगा। इससे देश के किसानों को बहुत कम कीमत में ड्रोन जैसी आधुनिक टेक्नॉलॉजी मिल पाएगी। इससे उनके स्वास्थ्य को भी लाभ होगा,  समय, दवा और खाद की भी बचत होगी।
प्रधानमंत्री जी ने कहा कि आज देश के 10 हजारवें जन औषधि केंद्र का भी उद्घाटन किया गया है। देशभर में फैले यह जनऔषधि केंद्र हर किसी को सस्ती दवाइयां उपलब्ध कराने के बहुत बड़े सेंटर बन चुके हैं। इन जन औषधि केंद्रों पर, लगभग 2000 किस्म की दवाएं 80 से 90 परसेंट तक डिस्काउंट पर उपलब्ध हैं। 15 अगस्त को ही देशभर में 25 हजार जन औषधि केंद्र खोलने का निर्णय लिया गया है।
प्रधानमंत्री  ने कहा कि गरीब कल्याण अन्न योजना को 05 साल के लिए आगे बढ़ाया जाएगा। ताकि आने वाले 05 सालों तक आपको भोजन की थाली के लिए खर्च न करना पड़े। 80 करोड़ से ज्यादा देशवासियों को अब 05 साल तक मुफ्त राशन मिलता रहेगा। इससे गरीबों की जो बचत होगी, उस पैसे को वे अपने बच्चों की बेहतर देखभाल में लगा पाएंगे। इस पूरे अभियान में पूरी सरकारी मशीनरी, सरकार के कर्मचारियों की बड़ी भूमिका है। कुछ वर्ष पहले ग्राम स्वराज अभियान में इस तरह की बहुत सफल कोशिश हुई थी। अब उस सफलता को सरकार ने, विकसित भारत संकल्प यात्रा का आधार बनाया है। इस अभियान से जुड़े सरकार के सभी प्रतिनिधि देश सेवा तथा समाज सेवा का बहुत बड़ा कार्य कर रहे हैं। पूरी ईमानदारी से डटे हुए हैं। सबके प्रयास से विकसित भारत संकल्प यात्रा पूरी होगी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के लखनऊ आगमन पर आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया। विभिन्न विकास योजनाओं के 10 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, प्रतीकात्मक आयुष्मान कार्ड तथा प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रतीकात्मक चाभी प्रदान की।
मुख्यमंत्री   ने कहा कि विकसित भारत हम सभी के जीवन का संकल्प बने, इस उद्देश्य से प्रधानमंत्री जी ने विगत साढ़े नौ वर्षोें में देश में विभिन्न विकासपरक एवं लोक कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कराया है। केन्द्र व राज्य सरकार से जुड़ी सभी योजनाएं इसमें सहायक हो रही हैं। आगामी 25 वर्षों की कार्ययोजना में भारत को एक विकसित देश के रूप में स्थापित करने की संकल्पना है। इस संकल्पना में हम सभी का योगदान होना चाहिए।
मुख्यमंत्री   ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा का शुभारम्भ 15 नवम्बर, 2023 को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर हुआ था। हमारे यहां कोई भी अनुष्ठान स्वच्छता के संकल्प के साथ शुरू होता है। हमारा संकल्प होना चाहिए कि हमारा देश विकसित बने। विकसित भारत जहां हर व्यक्ति के जीवन में खुशहाली हो, उसकी आय को कई गुना बढ़ाया जा सके, किसी प्रकार के दुःख व अभाव की स्थिति न हो तथा लोगों के जीवन में कहीं कोई भी समस्या न हो।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि देश वर्ष 1947 में आजाद हुआ था। भारत के विषय में लोगों की धारणा वर्ष 2014 के पहले कैसी थी और वर्ष 2014 के बाद कैसी है, इसे आज हम देख सकते हैं। वर्तमान में विभिन्न योजनाओं का लाभ लोगों को मिल रहा है। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री जनधन योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना के साथ ही, हर गरीब के पास अपने राशन कार्ड जैसी विभिन्न योजनाएं संचालित हैं। पहले की सरकारों के एजेण्डे में गरीब, सामान्य नागरिक, महिला, नौजवान सम्मिलित नहीं थे। गरीबों को योजनाओं का लाभ नहीं मिलता था।
मुख्यमंत्री   ने कहा कि विगत साढे़ नौ वर्षाें में देश में 12 करोड़ एवं प्रदेश में 03 करोड़ परिवारों को शौचालय, देश में 04 करोड़ एवं प्रदेश में 55 लाख परिवारों को आवास तथा देश में 50 करोड़ व प्रदेश में लगभग 10 करोड़ लोगों को आयुष्मान कार्ड की सुविधा मिली है। आयुष्मान कार्ड धारक देश व प्रदेश में किसी भी इम्पैनल्ड हाॅस्पिटल में 05 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इसके अलावा जिनका कोई भी कार्ड नहीं बना है, उनको गम्भीर बीमारियों के इलाज हेतु मुख्यमंत्री राहत कोष एवं विधायक निधि से धन उपलब्ध कराया जा रहा है। देश में कोरोना काल खण्ड से निःशुल्क राशन की सुविधा मिल रही है। यह सुविधा आगे भी 05 वर्ष तक जारी रहेगी।
मुख्यमंत्री   ने कहा कि देश वर्ष 2047 में अपनी आजादी का शताब्दी महोत्सव मना रहा होगा। हमारा संकल्प होना चाहिए कि उस समय भारत विकसित देश हो। ऐसा भारत जहां हर व्यक्ति की सुरक्षा की गारण्टी हो, जो दुनिया का नेतृत्व करने वाला हो, ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ के भाव के साथ दुनिया को अपने साथ लेकर चलने वाला हो, कहीं कोई अभाव न हो, कहीं कोई भूखा न हो।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि स्ट्रीट वेण्डर्स के लिए पी0एम0 स्वनिधि योजना के द्वारा कार्य हो रहा है। प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। परम्परागत हस्तशिल्पियों व कारीगरों के लिए पी0एम0 विश्वकर्मा योजना प्रारम्भ की गयी है। ग्रामीण क्षेत्र में जहां पर लोग रह रहें हैं, वहीं पर उनके बने मकान का मालिकाना हक मिल जाए, इस कार्यक्रम को आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रदेश में आगामी दिसम्बर माह तक सवा करोड़ लोगों को इसका लाभ प्रदान किया जाएगा। देश में भी इस सुविधा का लाभ प्रदान करने के कार्यक्रम संचालित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि प्रदेश में गरीब कल्याण व विकास के कार्य हो रहे हैं। नौजवानों को रोजगार की सुविधा मिल रही है। सरकार संवेदनशील होती है तो, गरीब कल्याण की कार्ययोजना बनती है। देश को दुनिया में एक बड़ी ताकत के रूप में स्थापित करने का कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। नागरिक खुशहाल होगा तो परिवार के बाद समाज व देश के बारे में सोचेगा, यही संकल्पना है। सरकार आपके बारे में सोच रही है, तो आपकी भी देश के प्रति जिम्मेदारी बनती है।
मुख्यमंत्री   ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने पंचप्रण की बात की है। इसमें भारत को वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर व विकसित राष्ट्र बनाने के सपने को साकार करने की दृष्टि से एक संकल्प होना चाहिए। इसके लिए गुलामी की मानसिकता से उभरना, देश की समृद्ध विरासत पर गौरव की अनुभूति करना, भारत की एकता को सुदृढ़ करने एवं देश की रक्षा करने वालों का सम्मान करना, अपने नागरिक कर्तव्यों का निर्वहन करना शामिल है। इन सभी संकल्पों को आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। हमें भेदभाव, जाति, मत, मजहब से ऊपर उठना है, क्योंकि यह विकास में बाधक होता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने एन0आर0एल0एम0 से जुड़कर कार्य किया है। ग्रामीण क्षेत्र में पोषण से जुड़ी सभी योजनाओं को एन0आर0एल0एम0 से जोड़ दिया गया है। 60 हजार महिलाएं इन कार्यक्रमों से सीधे-सीधे रोजगार प्राप्त कर रही हैं। बैंकिंग की सुविधा के लिए बी0सी0 सखी योजना पूरे प्रदेश में लागू कर दी गयी है। हर गांव बी0सी0 सखी  से जुड़ा है। इससे गांव में बैंकिंग की सुविधा मिल रही है। सरकार का प्रोत्साहन व सम्बल आपके साथ है। इसी सम्बल को आगे बढ़ाने, जागरूक करने तथा लोगों को जोड़ने के लिए आज का यह कार्यक्रम आयोजित हुआ है।
मुख्यमंत्री   ने कहा कि अभी तक जिनको विभिन्न योजनाओं का लाभ नहीं मिला है, उनको भी योजनाओं का लाभ मिलेगा। जो पात्रता की श्रेणी में होगा, उनको लाभ प्राप्त होगा, यह सरकार का संकल्प है। हम सभी प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप विकसित भारत संकल्प यात्रा के इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे। उत्तर प्रदेश में 57 हजार से अधिक ग्राम पंचायतों व 762 नगर निकायों में यह कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कार्यक्रम के दौरान पी0एम0 स्वनिधि के लाभार्थी श्री सुजीत कुमार, सुश्री आमीना खातून, श्री राम किशोर, श्री विनोद यादव को चेक व प्रमाण पत्र प्रदान किया। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना-(शहरी) के तहत श्रीमती लक्ष्मी देवी, श्रीमती रीना, श्रीमती विमला, श्रीमती सूफिया को आवास की प्रतीकात्मक चाबी प्रदान की। श्रीमती पिंकी और श्रीमती नेहा सिंह को आयुष्मान कार्ड प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद भी किया। इनमें श्री बदलू राजपूत, श्री सुमन सिंह, श्री दिव्यांश गोस्वामी और सुश्री तनुश्री पाण्डेय तथा श्रीमती विमल गुप्ता ने योजनाओं का लाभ मिलने पर संवाद कर आभार प्रकट किया।
कार्यक्रम को मुख्य सचिव श्री दुर्गा शंकर मिश्र ने भी सम्बोधित किया।
इस अवसर पर सांसद एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री डाॅ0 दिनेश शर्मा, लखनऊ की महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल, अन्य जनप्रतिनिधिगण, अपर मुख्य सचिव कृषि श्री देवेश कुमार चतुर्वेदी, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना श्री संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव नगर विकास श्री अमृत अभिजात सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here