Home India मुख्यमंत्री ने वाराणसी में ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’

मुख्यमंत्री ने वाराणसी में ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’

0
मुख्यमंत्री ने  वाराणसी में ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’
मुख्यमंत्री ने जनपद वाराणसी में ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’
के आगमन पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित किया
लाभार्थियों को आवास की प्रतीकात्मक चाभी तथा विभिन्न योजनाओं के
अन्तर्गत प्रमाण पत्र प्रदान किये, सभी को पंचप्रण की शपथ दिलायी
विगत साढ़े नौ वर्षाें में प्रधानमंत्री जी ने देश की तस्वीर
और तकदीर बदल दी, गरीब कल्याणकारी योजनाओं का लाभ
बिना भेदभाव के बड़े पैमाने पर लोगों को मिल रहा: मुख्यमंत्री
विकसित भारत के सपनें को साकार करने
के लिए मोदी जी की गारण्टी वैन कार्य कर रही
देश के अलग-अलग क्षेत्रों में सभी जनकल्याणकारी
योजनाओं के लाभ में तेजी से बढ़ोत्तरी हुई
सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की कहानी ‘मेरी कहानी, मेरी जुबानी’
के माध्यम से व्यक्त करना विकसित भारत संकल्प यात्रा का उद्देश्य
विकसित भारत संकल्प यात्रा के अन्तर्गत ग्राम सभाओं में बड़ी संख्या में लोग
अपना रजिस्ट्रेशन करा रहे, उन्हें प्राथमिकता पर लाभ उपलब्ध कराया जा रहा
प्रधानमंत्री जी 142 करोड़ देशवासियों को नेतृत्व दे रहे,
वैश्विक नेता के रूप में दुनिया का मार्गदर्शन कर रहे
यदि भारत के 142 करोड़ लोग एकजुट होकर कार्य करना प्रारम्भ
कर दें तो वर्ष 2047 तक भारत दुनिया की सबसे बड़ी ताकत अवश्य बनेगा
आज काशी नये कलेवर में दुनिया में चमक रही,
विगत वर्ष सवा तीन करोड़ से अधिक धार्मिक पर्यटक काशी आये
मुख्यमंत्री ने आगामी 17 दिसम्बर को वाराणसी में प्रधानमंत्री जी
के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया

लखनऊ:

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने कहा कि विगत साढ़े नौ वर्षाें में प्रधानमंत्री   नरेन्द्र मोदी  ने देश की तस्वीर और तकदीर बदल दी है। आज दुनिया में भारत को सम्मान मिल रहा है। देश में विकास की बड़ी-बड़ी परियोजनाएं लागू हो रही हैं। गरीब कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के बड़े पैमाने पर लोगों को मिल रहा है। सभी नागरिक अपने को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री  वाराणसी के मिर्जामुराद स्थित किसान इण्टर काॅलेज में ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के आगमन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित कर रहे थे। उन्हांेने विद्यालय के संस्थापक श्री यशपाल सिंह तथा श्री विजय बहादुर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने लाभार्थियों को आवास की प्रतीकात्मक चाभी तथा विभिन्न योजनाओं के अन्तर्गत लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किये। कार्यक्रम में मेरी कहानी, मेरी जुबानी के माध्यम से लाभार्थियों ने अपने अनुभव व्यक्त किये। मुख्यमंत्री जी ने सभी को पंचप्रण की शपथ दिलायी। उन्होंने बच्चों का अन्नप्राशन किया तथा आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि एक ओर जहां भारत को वैश्विक मंच पर सम्मान मिल रहा है, वहीं सुरक्षा, सुशासन तथा समृद्धि के माध्यम से देशवासियों में विकसित भारत के सपनें को साकार करने का जज्बा भी है। मोदी जी की गारण्टी वैन यहां इसी के लिए कार्य कर रही है। काशीवासियों ने वर्ष 2014 में श्री नरेन्द्र मोदी जी को सांसद चुनकर देश की संसद में भेजा। प्रधानमंत्री जी आज 142 करोड़ देशवासियों को नेतृत्व दे रहे हैं और वैश्विक नेता के रूप में दुनिया का मार्गदर्शन भी कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री   ने कहा कि जो लोग सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हुए हैं, उनकी कहानी ‘मेरी कहानी, मेरी जुबानी’ के माध्यम से व्यक्त करना इस यात्रा का उद्देश्य है। इसके साथ ही, जो लोग अभी तक लाभान्वित नहीं हुए, मोदी जी की गारण्टी वैन के माध्यम से विभिन्न योजनाओं के अन्तर्गत उनके रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की गयी है। विकसित भारत संकल्प यात्रा के अन्तर्गत ग्राम सभाओं में बड़ी संख्या में लोग अपना रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं। उन्हें प्राथमिकता पर लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है। यह यात्रा बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ जनता को दिये जाने के सरकार के संकल्प को दर्शाती है। प्रधानमंत्री जी का मानना है कि लोगों की खुशहाली में ही देश की खुशहाली है। लोगों की समृद्धि ही देश की समृद्धि का माध्यम बनेगी।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि यदि भारत के 142 करोड़ लोग एकजुट होकर कार्य करना प्रारम्भ कर दें तो वर्ष 2047 तक भारत दुनिया की सबसे बड़ी ताकत अवश्य बनेगा। जब वर्ष 2047 में भारत अपनी आजादी का शताब्दी महोत्सव मना रहा होगा, उस समय आत्मनिर्भर भारत से विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए हमनें यहां पंचप्रण की शपथ ली है। पंचप्रण में विकसित भारत, गुलामी के अंशों को पूरी तरह समाप्त करना, अपनी विरासत के प्रति सम्मान का भाव व्यक्त करना, एकता और एकात्मकता के लिए कार्य करना तथा एक नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना शामिल हैं।
मुख्यमंत्री   ने कहा कि यदि नीयत साफ हो, तथा संकल्प ठीक हो तो कोई काम कठिन नहीं हैं। पहले लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलता था। इनमें व्यापक भ्रष्टाचार होता था। प्रधानमंत्री जी ने भ्रष्टाचार को समाप्त करने और सरकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के हर गरीब, वंचित तथा पीड़ित को देने के कार्य किये। आज काशी नये कलेवर में दुनिया में चमक रही है। विगत वर्ष सवा तीन करोड़ से अधिक धार्मिक पर्यटक काशी आये हैं। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व तथा मार्गदर्शन में श्री काशी विश्वनाथ धाम, यहां के घाटों तथा मन्दिरों के सुन्दरीकरण के कार्य आगे बढ़ रहे हैं। इन्हीं संकल्पों को आगे बढ़ाने के लिए मोदी गारण्टी वैन यहां आयी है।
मुख्यमंत्री   ने कहा कि विगत साढे़ नौ वर्षाें में देश में 04 करोड़ लोगों को जबकि उत्तर प्रदेश में 55 लाख लोगों को आवास की सुविधा प्राप्त हुई है। देश में 10 करोड़ लोगों को, जबकि उत्तर प्रदेश के पौने तीन करोड़ लोगों को शौचालय की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है। कोरोना कालखण्ड में देश के 80 करोड़ लोगों को, जबकि उत्तर प्रदेश के 15 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन का लाभ प्राप्त हुआ है। अगले 05 वर्षाें के लिए पुनः निःशुल्क राशन की सुविधा के लिए मोदी जी की गारण्टी मिल गयी है।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि देश में 50 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत 05 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर मिला है। उत्तर प्रदेश के 10 करोड़ लोगों को इसका लाभ मिल रहा है। देश के अलग-अलग क्षेत्रों में हर घर नल योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, किसान सम्मान निधि सहित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ में तेजी से बढ़ोत्तरी हुई है। यह योजनाएं प्रत्येक नागरिक के जीवन में व्यापक परिवर्तन का कारण बन रही हैं। जो लोग इन योजनाओं से छूट गये हैं, उनके लिए मोदी जी की गारण्टी वैन आयी है।
मुख्यमंत्री   ने कहा कि जहां भी यह विकसित भारत संकल्प यात्रा पहुंचे, वहां उसका भव्य स्वागत किया जाए। यह वैन जहां भी जाए, कम से कम 150 से 200 लोग अपनी सफलता की कहानी कहें। जो लोग योजनाओं के लाभ से वंचित रह गये हैं और पात्रता की श्रेणी में आते हैं वह अपना फाॅर्म भरें। उन तक योजनाओं का लाभ पहंुचेगा।
इस अवसर पर स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री रवीन्द्र जायसवाल, आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ सहित जनप्रतिनिधिगण एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
इसके पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने आगामी 17 दिसम्बर को सेवापुरी विधान सभा क्षेत्र के बरकी गांव में प्रधानमंत्री जी के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
——

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here