बरेली की फरीदपुर विधानसभा सीट पर बीजेपी और सपा दोनों का लंबे समय तक कब्जा रहा है। यह क्षेत्र 1974 से लगातार एससी आरक्षित है। बावजूद इसके यहां से बसपा मात्र एक बार 2007 में जीत पाई है। 2017 के विधानसभा चुनाव में यहां से बीजेपी प्रत्याशी डॉ. श्याम बिहारी लाल ने 24,721 वोटों से सपा के डॉ. सियाराम सागर को मात दी थी। इससे पहले 2012 में सियाराम सागर ने श्यामबिहारी लाल को 16,787 वोटों से हराया था।
फरीदपुर विधानसभा सीट आंवला लोकसभा क्षेत्र के पांच विधानसभा क्षेत्रों में से एक है। यहां पहला चुनाव 1957 हुआ था। यह सीट लंबे समय से अनुसूचित जाति (SC) के लिए आरक्षित रही है। 1952 से 1967 तक यह आरक्षित सीट रही, लेकिन 1967 में इसे सामान्य सीट बना दिया गया था। तब कांग्रेस के डीपी सिंह इस सीट से चुनाव जीते थे।
1974 से लगातार SC आरक्षित
फिर 1969 में उपचुनाव हुए जिसमें भारतीय क्रांति दल के राजेश्वर सिंह विधायक बने। इसके बाद 1974 में फिर इस सीट को आरक्षित कर दिया गया। तब से यह रिजर्व चली आ रही है। यहां यह माना जाता है कि जिस पार्टी का यहां से विधायक बना, प्रदेश में उसी की सरकार बनी।
एक नजर में फरीदपुर विधानसभा सीट-
वर्तमान विधायक- डॉ. श्याम बिहारी लाल
दल- भारतीय जनता पार्टी
2017 में विजयी दल- बीजेपी
जिला- बरेली
कुल मतदाता- 2 लाख 58 हजार (अनुमानित)