आखिरी सांस तक संघर्ष करती रही रितिका
पूछताछ में विपुल ने पुलिस को बताया कि रितिका के पति आकाश ने फ्लैट में आते ही रितिका के साथ मारपीट शुरू कर दी थी। आकाश अपने साथ दो महिलाएं और दो युवकों को लेकर आया था। आकाश ने उसके हाथ बांध दिए और उसे बाथरुम में बंद कर दिया। इसके बाद रितिका के हाथों को रस्सी से बांधा और उसके गले में भी रस्सी डाल दी। रितिका अपने बचाव के लिए जुझती रही। लेकिन उसके पति ने उसके बालों को खींचकर उसे बालकनी से नीचे फेंक दिया।
फेसबुक के जरिए मिले थे रितिका और विपुल
जानकारी के अनुसार रितिका गाजियाबाद के विजय नगर की रहने वाली है। उसने 2014 में टुंडला के नगला झम्मन के रहने वाले आकाश गौतम से लव मैरिज की थी। पहले दोनों फिरोजबाद में रहते थे। इसके बाद वे आगरा आ गए। 2017 में रितिका की फेसबुक के जरिए विपुल से दोस्ती हो गई। दोनों एक दूसरे के नजदीक आ गए। विपुल और रितिका की जानकारी आकाश को हो गई। दोनों में झगड़ा शुरू हो गया और रितिका आकाश को छोड़कर विपुल के साथ रहने लगी। विपुल अग्रवाल शिकोहाबाद का रहने वाला है। वह भी पहले से शादीशुदा है। उसका एक 10 साल का बेटा है। विपुल ने बताया कि वह 2019 से रितिका के साथ लिव इन में रह रहा था।
पूरी तैयारी से आया था आकाश
पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि आकाश शुक्रवार सुबह 10.36 पर ओम श्री अपार्टमेंट पहुंच गया था। गार्ड के रजिस्टर पर उसने फ्लैट नंबर 601 में जाने के लिए लिखा और अपने साथ दो महिलाओं को भी अंदर ले गया। रजिस्टर में उसने महिला का नाम सुनीता और अपना नाम लिखा था। इसके बाद 15 से 20 मिनट बाद ही बिल्डिंग से चीखने चिल्लाने की आवाजें आने लग गईं। थाना ताजगंज के प्रभारी भूपेंद्र बालियान का कहना है कि रितिका के परिजन आ गए हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है। अभी साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं।