Home Pradesh Uttar Pradesh मुख्यमंत्री ने हरी झण्डी दिखाकर महिला हाफ मैराथन का शुभारम्भ किया

मुख्यमंत्री ने हरी झण्डी दिखाकर महिला हाफ मैराथन का शुभारम्भ किया

0
मुख्यमंत्री ने हरी झण्डी दिखाकर महिला हाफ मैराथन का शुभारम्भ किया
राष्ट्रीय अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी एवं मुख्यमंत्री ने
हरी झण्डी दिखाकर महिला हाफ मैराथन का शुभारम्भ किया
स्व0 श्री आशुतोष टण्डन के आवास जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी
हम सभी ने प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में अमृतकाल में
विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया : श्री जगत प्रकाश नड्डा
मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश की तस्वीर बदल चुकी, प्रदेश
प्रत्येक क्षेत्र में एक अग्रणी राज्य के रूप में तीव्र गति से आगे बढ़ रहा
प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अनेक विकास
परियोजनाएं जमीनी धरातल पर उतरते हुए दिखाई दे रहीं
जब युवा, महिला, गरीब तथा किसान आदि विकास की
गति में स्वयं को सम्मिलित करते हुए आगे बढ़ते, तो विकसित
भारत की संकल्पना साकार रूप लेते हुए दिखाई देती
प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन व नेतृत्व में भारत ने एशियन
गेम्स में सर्वाधिक मेडल प्राप्त करने का रिकॉर्ड स्थापित किया,
इस कार्य में मुख्यमंत्री जी ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया
प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में विगत 9 वर्षों में देश के प्रत्येक क्षेत्र में
विकास की नई सम्भावनाएं तथा परिणाम हम सभी के सामने आए : मुख्यमंत्री
प्रदेश सरकार प्रत्येक जनपद में स्टेडियम, विकास खण्ड स्तर पर मिनी
स्टेडियम, ग्राम पंचायत स्तर पर खेल का मैदान तथा ओपन
जिम के निर्माण की दिशा में कार्य कर रही
आज का कार्यक्रम नारी के सशक्तिकरण का माध्यम बनेगा
प्रदेश में अब तक 60 हजार से अधिक युवक और
महिला मंगल दलों को स्पोर्ट्स किट उपलब्ध करायी जा चुकीं
हम शारीरिक रूप से जितना स्वस्थ होंगे, उतना ही मानसिक रूप से सशक्त बनेंगे
महिला शक्ति के स्वावलम्बन, सुरक्षा तथा सम्मान के
लिए प्रदेश में मिशन शक्ति अभियान आगे बढ़ रहा
लखनऊ :  
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष  जगत प्रकाश नड्डा जी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ   के नेतृत्व में प्रदेश की तस्वीर बदल चुकी है। प्रदेश में बेहतर सुरक्षा के वातावरण में बहन, बेटियां निर्भीक होकर घर से बाहर निकल रही हैं। प्रदेश प्रत्येक क्षेत्र में एक अग्रणी राज्य के रूप में तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। लोगों को भ्रष्टाचारियों तथा माफियाओं से मुक्ति तथा शांतिपूर्ण व सुरक्षित वातावरण प्राप्त हुआ है। महिलाओं का सशक्तिकरण हुआ है। केंद्र की योजनाओं को प्रदेश में बखूबी लागू किया जा रहा है। प्रदेश की राजधानी लखनऊ विकास की नई गाथा बयां कर रही है। यहां अनेक विकास परियोजनाएं जमीनी धरातल पर उतरते हुए दिखाई दे रही हैं। पहले उत्तर प्रदेश को पिछड़ा हुआ तथा बीमारू प्रदेश माना जाता था।
यह विचार भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा ने  यहां महिला हाफ मैराथन का शुभारम्भ करने के पश्चात इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किये। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी भी सम्मिलित हुए। इसके पूर्व, श्री नड्डा एवं मुख्यमंत्री जी ने हरी झण्डी दिखाकर महिला हाफ मैराथन का शुभारम्भ किया। अपने सम्बोधन में श्री नड्डा ने कहा कि उनका सौभाग्य है कि उन्हें महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित महिला हाफ मैराथन के शुभारम्भ कार्यक्रम में सम्मिलित होने का अवसर प्राप्त हुआ। युवा पीढ़ी के लिए यह ऐतिहासिक समय है। कुछ समय पूर्व अमृतकाल में भारत की आजादी का अमृत महोत्सव मनाया गया। हम सभी ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में अमृतकाल में विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया।
श्री नड्डा ने कहा कि विगत 75 वर्षों में व उससे पूर्व जिन महापुरुषों ने देश की आजादी के लिए तथा देश को मजबूत बनाने में अपना योगदान दिया, हमने उनका आजादी के अमृत महोत्सव में स्मरण किया तथा अपने गौरवमयी इतिहास को याद किया। इन 75 वर्षों में जीवन के गुजरे हुए पलों को भी याद किया। हम सभी ने विकसित भारत का संकल्प लिया तथा अगले 25 वर्षों की कल्पना की। इसी कल्पना का परिणाम है कि भारत प्रत्येक क्षेत्र में नए-नए आयाम जोड़ रहा है।
श्री नड्डा ने कहा कि जब युवा, महिला, गरीब तथा किसान आदि विकास की गति में स्वयं को सम्मिलित करते हुए आगे बढ़ते हैं, तो विकसित भारत की संकल्पना साकार रूप लेते हुए दिखाई देती है। इसलिए प्रधानमंत्री जी ने स्पष्ट शब्दों में कहा था कि उन्हें केवल चार जातियां दिखाई देती हैं। सबसे पहली जाति महिला, दूसरी जाति युवा, तीसरी जाति किसान तथा चौथी गरीब की जाति है। यदि इन सभी का सशक्तिकरण किया जाएगा, तो भारत को विकसित बनाने में देर नहीं लगेगी। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत योजना, पी0एम0 मुद्रा लोन योजना आदि योजनाएं महिलाओं का सशक्तिकरण कर रही हैं। मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाएं किसानों का सशक्तिकरण कर रही हैं। मुख्यमंत्री जी द्वारा इन योजनाओं को उत्तर प्रदेश में मजबूती से लागू किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, सौभाग्य योजना, उजाला योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाएं गरीबों को ताकत प्रदान कर रही हैं तथा उनकी तस्वीर व तकदीर बदल रही हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अन्तर्गत देश के 80 करोड़ तथा उत्तर प्रदेश के 15 करोड़ से अधिक लोगों को निःशुल्क राशन की सुविधा प्राप्त हो रही है। स्टैण्ड-अप इण्डिया, स्टार्ट-अप इण्डिया जैसी योजनाएं तथा खेलो इण्डिया, फिट इण्डिया मूवमेण्ट जैसे कार्यक्रम युवाओं को आगे बढा़ने का कार्य कर रहे हैं।
नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन व नेतृत्व में भारत ने एशियन गेम्स में सर्वाधिक मेडल प्राप्त करने का रिकॉर्ड स्थापित किया है। इस कार्य में मुख्यमंत्री जी ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व तथा मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश में भी खेलो इण्डिया तथा फिट इण्डिया मूवमेण्ट जैसे कार्यक्रम लागू किये जा रहे हैं। अच्छे खिलाड़ियों का चयन तथा प्रत्येक गांव में खेल का मैदान व ओपन जिम का निर्माण, प्रत्येक जिले में अत्याधुनिक सुविधायुक्त स्टेडियम का निर्माण जैसे कार्य ओलम्पिक तथा एशियाई गेम्स जैसी विश्वस्तरीय प्रतियोगिताओं में गांवों के युवाओं को प्रतिनिधित्व का अवसर प्रदान कर रहे हैं।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में विगत 9 वर्षों में प्रत्येक क्षेत्र में विकास की नई सम्भावनाएं तथा परिणाम हम सभी के सामने आए हैं। खेलकूद से जुड़ी गतिविधियों में बहुत कुछ नया देखने को मिला है। खेलो इण्डिया कार्यक्रम, फिट इण्डिया मूवमेण्ट, सांसद खेलकूद प्रतियोगिता, प्रत्येक जनपद में खेलो इण्डिया सेण्टर की स्थापना जैसे कार्य नए भारत के सामर्थ्य को प्रदर्शित करने तथा युवा ऊर्जा को आगे बढ़ाने का बेहतरीन साधन बने हैं। यह महिला हाफ मैराथन नए भारत के सामर्थ्य की दृष्टि से प्रेरणा का केंद्र बन सकती है।
मुख्यमंत्री   ने कहा कि प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से प्रदेश सरकार प्रत्येक जनपद में स्टेडियम, विकास खण्ड स्तर पर मिनी स्टेडियम, ग्राम पंचायत स्तर पर खेल का मैदान तथा ओपन जिम के निर्माण की दिशा में कार्य कर रही है। प्रत्येक ग्राम पंचायत में महिला और युवक मंगल दल को स्पोर्ट्स किट उपलब्ध कराई जा रही हैं। अब तक 60 हजार से अधिक युवक और महिला मंगल दलों को स्पोर्ट्स किट उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप सांसद खेलकूद प्रतियोगिता के अच्छे परिणाम देखने को मिल रहे हैं। इन्हीं कार्यां का परिणाम है कि ओलम्पिक में भारत ने अब तक के सर्वाधिक मेडल प्राप्त किए हैं। एशियन गेम्स में भारत ने पहली बार 100 का आंकड़ा पार करते हुए 107 मेडल तथा पैरा एशियन गेम्स में 111 मेडल प्राप्त किए हैं। यह नए भारत का सामर्थ्य प्रदर्शित करता है।
मुख्यमंत्री   ने कहा कि हम शारीरिक रूप से जितना स्वस्थ होंगे उतना ही मानसिक रूप से सशक्त बनेंगे। प्राचीन भारतीय ऋषि परम्परा ने उल्लेख किया था कि शरीरमाद्यं खलु धर्मसाधनम् अर्थात शरीर ही धर्म का पहला और उत्तम साधन है। जीवन के सारे कार्य स्वस्थ शरीर से ही सम्भव हैं। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क निवास करता है। यदि मस्तिष्क स्वस्थ रहेगा, तो चिन्तन भी स्वस्थ होगा तथा यदि चिन्तन स्वस्थ होगा, तो विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में देर नहीं लगेगी। प्रधानमंत्री जी के इस विजन को आगे बढ़ाने तथा सशक्त व स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए अनेक अभियान आगे बढ़ रहे हैं। आज का यह कार्यक्रम खास तौर पर नारी के सशक्तिकरण का माध्यम बनेगा। हम सभी को महिला शक्ति के स्वावलम्बन, सुरक्षा तथा सम्मान के लिए प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करना चाहिए। प्रदेश में मिशन शक्ति अभियान इसी भाव से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री   ने महिला हाफ मैराथन के विजेताओं को अग्रिम बधाई तथा शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें अवगत कराया गया है कि महिला हाफ मैराथन की विजेता को 03 लाख रुपये का प्रथम पुरस्कार, उपविजेता को 02 लाख रुपये का द्वितीय पुरस्कार तथा तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली खिलाड़ी को 01 लाख रुपये का तृतीय पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त अन्य पुरस्कारों की भी घोषणा की गयी है। यह चीजें दिखाती हैं कि यदि खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करेंगे, तो उन्हें अच्छा पुरस्कार भी प्राप्त होगा।
कार्यक्रम को केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री कौशल किशोर, उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक तथा विधान परिषद सदस्य श्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने भी सम्बोधित किया।
इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना, खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गिरीश चन्द्र यादव, पूर्व उप मुख्यमंत्री श्री दिनेश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
इसके उपरान्त श्री नड्डा तथा मुख्यमंत्री जी ने दिवंगत विधायक एवं राज्य सरकार के पूर्व मंत्री स्व0 श्री आशुतोष टण्डन के आवास जाकर उनके परिजनों से भेंट की और उनकी कुशलक्षेम ली। उन्होंने स्व0 श्री टण्डन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here