Home Pradesh Uttar Pradesh मुख्यमंत्री ने  मथुरा में उ0प्र0 ब्रजतीर्थ विकास परिषद के नवनिर्मित कार्यालय भवन का उद्घाटन किया

मुख्यमंत्री ने  मथुरा में उ0प्र0 ब्रजतीर्थ विकास परिषद के नवनिर्मित कार्यालय भवन का उद्घाटन किया

0
मुख्यमंत्री ने  मथुरा में उ0प्र0 ब्रजतीर्थ विकास परिषद के नवनिर्मित कार्यालय भवन का उद्घाटन किया
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में उ0प्र0 ब्रजतीर्थ विकास परिषद की छठवीं बोर्ड बैठक सम्पन्न
मुख्यमंत्री ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि मन्दिर में दर्शन-पूजन किया
श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर लाइट एण्ड साउण्ड शो का उद्घाटन किया
ब्रज क्षेत्र के विकास से जुड़े प्रस्तावों को किसी भी स्तर पर लम्बित न रखा जाए : मुख्यमंत्री
यह सुनिश्चित किया जाए कि श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों
मथुरा-वृन्दावन में श्रद्धालुआेंं व पर्यटकों की संख्या में निरन्तर हो रही वृद्धि के दृष्टिगत पर्यटन सम्बन्धी गतिविधियां बढ़ रहीं, इसलिए मास्टर प्लान तैयार करते हुए पर्यटन विकास से जुड़ी परियोजनाओं को क्रियान्वित किया जाए
स्मार्ट एवं सेफ सिटी के रूप में जनपद को विकसित किया जाए
विद्युत पोल को हटाकर सड़कों का चौड़ीकरण किया जाए, जनपद में पार्किंग स्पेस विकसित की जाए
ब्रज विकास योजना-2041 पुस्तिका का विमोचन
मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण किया

 

लखनऊ : 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने   मथुरा में उत्तर प्रदेश ब्रजतीर्थ विकास परिषद के नवनिर्मित कार्यालय भवन का उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात मा0 मुख्यमंत्री जी ने भगवान श्रीकृष्ण के चित्र पर पुष्प अर्पित किए तथा विधि विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने नवनिर्मित कार्यालय का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री  की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश ब्रजतीर्थ विकास परिषद की छठवीं बोर्ड बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में ब्रजतीर्थ पथ परियोजना, गोवर्धन कनेक्ट परियोजना, मथुरा वृन्दावन रेल-बस मार्ग के स्थान पर यातायात के वैकल्पिक साधनों के प्रस्ताव परिषद के समक्ष विचारार्थ प्रस्तुत किए गए।
मुख्यमंत्री   ने बैठक में निर्देश दिए कि ब्रज क्षेत्र के विकास से जुड़े प्रस्तावों को किसी भी स्तर पर लम्बित न रखा जाए। इनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मथुरा-वृन्दावन में श्रद्धालुओं व पर्यटकों की संख्या में निरन्तर हो रही वृद्धि के दृष्टिगत पर्यटन सम्बन्धी गतिविधियां भी बढ़ रही हैं। इसलिए मास्टर प्लान तैयार करते हुए पर्यटन विकास से जुड़ी परियोजनाओं को क्रियान्वित किया जाए। उत्तर प्रदेश ब्रजतीर्थ विकास परिषद में कुशल मैन पावर बढ़ायी जाए। उन्होंने कहा कि परिषद विभिन्न संस्थानों को अपनी गतिविधियों से जोड़ें।
मुख्यमंत्री   ने परिषद के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि ब्रज तीर्थ क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर भगवान श्रीकृष्ण की लीला पर आधारित लाइट एण्ड साउण्ड शो कराने की व्यवस्था की जाए। बाहरी क्षेत्रों में अच्छे होटलों को विकसित किया जाए। काशी की भांति ब्रह्म मुहूर्त में भक्ति संगीत का प्रसारण किया जाए। सातों तीर्थ स्थलों पर यह व्यवस्था की जाए। स्मार्ट एवं सेफ सिटी के रूप में जनपद को विकसित किया जाए। यातायात व अतिक्रमण की चुनौतियों का समाधान करने के लिए प्रभावी कार्यवाही की जाए। विद्युत पोल को हटाकर सड़कों का चौड़ीकरण किया जाए। जनपद में पार्किंग स्पेस विकसित की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। मुख्यमंत्री जी ने बैठक में ब्रज विकास योजना-2041 पुस्तिका का विमोचन किया।
बोर्ड बैठक में वर्ष 2022-23 एवं वर्ष 2023-24 की पर्यटन निदेशालय को स्वीकृति हेतु प्रेषित परियोजनाओं को अनुमोदित किया गया। इन परियोजनाओं में श्रीकृष्ण जन्मभूमि स्थित केशव वाटिका के सौन्दर्यीकरण का कार्य, मथुरा तहसील में मथुरा-वृन्दावन मार्ग पर मयूर संरक्षण केन्द्र के सौन्दर्यीकरण, संवर्धन और घायल मयूरों को उपचार उपलब्ध कराने सम्बन्धी परियोजना, राया नगर पंचायत के अन्तर्गत ब्रज 84 कोस परिक्रमा मार्ग के मुख्य मार्गों पर स्वागत द्वारों के निर्माण की परियोजना शामिल है।
जोधपुर झाल वेटलैण्ड का संरक्षण, गोवर्धन स्थित कुसुम सरोवर के सौन्दर्यीकरण, रसखान समाधि के पास रमनरेती पर जनसुविधा केन्द्र एवं यात्री सुविधा केन्द्र का निर्माण, ग्राम करहला स्थित ब्रजनाभ की समाधि का पुनरुद्धार एवं सौन्दर्यीकरण, राया स्थित गणेश बाग का विकास कार्य, सौभरि वन स्थापना (फेज-2) हेतु पौधशाला, मियावाकी पद्धति से वृक्षारोपण तथा जल संचयन, वृक्षारोपण व अन्य कार्यों के अनुरक्षण, नगर पंचायत कैमारा में वन तालाब का सौन्दर्यीकरण, तहसील छाता के अन्तर्गत अकबरपुर-जैत (चौमुहा) में टूरिस्ट फेसिलिटेशन सेण्टर के विकास कार्य सम्बन्धी परियोजना भी अनुमोदित परियोजनाओं में सम्मिलित है।
इसके अलावा, परिषद की छठवीं बैठक में नन्दगांव में पर्यटक जनसुविधा केन्द्र (टीएफसी) का निर्माण, बरसाना स्थित प्रिया कुण्ड (पीली पोखर) की फसाड लाइटिंग एवं प्रकाश व्यवस्था, गोकुल बैराज के अपस्ट्रीम बॉयी तरफ वासुदेव वाटिका का निर्माण एवं विकास कार्य, नन्दगांव स्थित टेर कदम्ब को जाने वाले मार्ग पर द्वार का निर्माण सहित परिसर में एम0एम0 रेलिंग, सोलर सिस्टम, आर0ओ0 व चिलर आदि विभिन्न कार्य, बरसाना स्थित राधा बिहारी इण्टर कॉलेज की भूमि पर पर्यटक जन सुविधा केन्द्र (टी0एफ0सी0) का निर्माण कार्य, तहसील छाता में शनिदेव मन्दिर के निकट कोकिला आरक्षित वन में आद्र भूमि पर ईको-पर्यटन स्थल की विकास परियोजना को भी पर्यटन निदेशालय को प्रेषित किए जाने को स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में परिषद द्वारा वर्ष 2023-24 के अन्तर्गत तैयार करायी जाने वाली 24 परियोजनाओं को प्रस्तुत करते हुए विचार-विमर्श किया गया। यह भी अवगत कराया गया कि जनपद मथुरा में स्थित सभी राही पर्यटन आवास गृहों की मरम्मत/जीर्णोद्धार का कार्य पी0पी0पी0 मॉडल पर किया जा रहा है और शीघ्र पूर्ण होगा।
बैठक के दौरान सांसद श्रीमती हेमा मालिनी, चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास मंत्री श्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह, बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संदीप सिंह, पूर्व मंत्री श्री श्रीकान्त शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के पश्चात मुख्यमंत्री   ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि मन्दिर में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर लाइट एण्ड साउण्ड शो का उद्घाटन किया। उन्होंने लाइट एण्ड साउण्ड शो के माध्यम से दर्शाए गए भगवान श्रीकृष्ण के बाल्य काल के सजीव चित्रण का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री जी ने जनपद मथुरा भ्रमण के अवसर पर निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण किया।
ज्ञातव्य है कि लाइट एण्ड साउण्ड शो में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म, उनकी लीलाओं, कंस वध आदि प्रसंगों का प्रस्तुतिकरण किया गया है। शो में 200 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई है। भगवान श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर वर्ष में होने वाले प्रमुख आयोजनों-श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, दशहरा, दीपावली, होली आदि हेतु हॉल का निर्माण एवं हॉल की छत पर लाइट एण्ड साउण्ड शो की स्थापना की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here