
आजमगढ़ में भतीजे ने वृद्ध चाचा को उतारा मौत के घाट
पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुधीर सिंह ने बताया कि दो पक्षों में आपस में धक्का-मुक्की हुई थी। इसमें एक वृद्ध की मौत हो गयी।
घटना जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के बेरमा गांव की है। जानकारी के अनुसार बेरमा गांव निवासी रामबचन की दो पुत्रीयां है, दोनों की शादी हो चुकी है। वे अपने पिता की सेवा के लिए कुछ वर्षो से मायके में ही रह रहे हैं। आरोप है कि रामबचन के भतीजे तीर्थराज की नजर के अनुसार उनकी चाचा की संपत्ति पर थी, लेकिन बेटियों के मायके में रहने के कारण उसकी योजना फेल होती नजर आ रही थी। संपत्ति के लिए ही वह आये दिन अपने चाचा और उनके बेटों के साथ झगड़ा करता था। शुक्रवार की रात भतीजा तीर्थराज घर पहुंचे तो दोनों पक्षो में इसी बात को लेकर विवाद हो गया।
ये भी पढेँन- बलिया गोलीकांड: आरोपी के पक्ष में खड़े होने वाले विधायक सुरेंद्र सिंह पर यूपी बीजेपी अध्यक्ष ने बरसाए फूल
आरोप है कि उस दौरान भतीजे ने कई लोगों के साथ मिलकर अपने घर से चाचा के घर पर ईट-पत्थरों से हमला बोल दिया। ईट-पत्थर के हमले में वृद्ध रामबचन घायल हो गए। जिसके उपचार के दौरान रात में ही मौत हो गई। मृतक की बेटी का आरोप है कि जायदाद को हड़पने के लिए उनका चचेरा भाई कई सालो से उनके साथ मारपीट और धमकी देता था। इसी को लेकर उसने ईट-पत्थर से मार कर मौत के घाट उतार दिया।हिरासत में दो आरोपी- एस.पी.
बेटियों ने भतीजे सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं पुलिस अधीक्षक सुधीर सिंह ने बताया कि दो पक्षों में आपस में धक्का-मुक्की हुई थी। इसमें एक वृद्ध की मौत हो गयी। परिजनों की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।